जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आदिवासी समाज के ऐतिहासिक संघर्ष और योगदान को याद किया। जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने केवल अंग्रेजों के खिलाफ ही नहीं, बल्कि मुगलों के खिलाफ भी लड़ाई लड़ी। उन्होंने अपनी संस्कृति, स्वधर्म और पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
कार्यक्रम में पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने अधारताल स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके भी मौजूद रहे।
*जल, जंगल और जमीन के साथ संस्कृति की भी लड़ाई*
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष सिर्फ जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तक सीमित नहीं था। उन्होंने जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए भी आंदोलन किया। अंग्रेजों की विशाल सत्ता के सामने उनका संघर्ष आज भी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं है।
*कांग्रेस पर लगाया शहीदों को भुलाने का आरोप*
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने देश के कई जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को पर्याप्त महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार जनजातीय नायकों के सम्मान और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
*कई जनजातीय नायकों के योगदान का किया उल्लेख*
मुख्यमंत्री ने रानी दुर्गावती, राजा संग्राम शाह, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह, टंट्या मामा, राजा भभूत सिंह, भीमा नायक और बादल भोई जैसे जननायकों के संघर्ष को याद किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के तहत तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आयोजन किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति और वीर नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
