जबेरा (दमोह) जबेरा तहसील के ग्राम पुरेनहाऊ और सुरई के नालों में मगरमच्छों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पुरेनहाऊ गांव के पास स्थित तालाब में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से एक विशालकाय मगरमच्छ देखा जा रहा है। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम लगातार उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन मगरमच्छ के बार-बार जाल से बच निकलने के कारण अब तक उसका रेस्क्यू नहीं हो सका है।मंगलवार को मगरमच्छ तालाब से निकलकर पास के खेत में बैठा दिखाई दिया। इससे खेतों में काम कर रहे किसानों और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ की मौजूदगी को देखते हुए लोग सतर्क हो गए हैं।
सुरई नाले से मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू
इधर, ग्राम सुरई के पास स्थित नाले में भी एक मगरमच्छ होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही सर्प मित्र छोटू पटेल और सूरज रैकवार मौके पर पहुंचे। दोनों ने सावधानीपूर्वक प्रयास करते हुए मगरमच्छ को जाल में पकड़ लिया और सुरक्षित रूप से वन विभाग की टीम को सौंप दिया।
दूसरे मगरमच्छ को पकड़ने में जुटी वन विभाग की टीम
तेजगढ़ रेंजर अखिलेश चौरसिया के निर्देशन में वन विभाग की टीम पुरेनहाऊ तालाब में मौजूद दूसरे विशालकाय मगरमच्छ को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रेस्क्यू अभियान में चंद्र नारायण चौबे, विनोद कुमार साहू और झलकन साहू सहित वन विभाग के कर्मचारी जुटे हुए हैं। मगरमच्छ के आकार और उसके बार-बार जाल से बच निकलने के कारण रेस्क्यू में कठिनाई आ रही है।वन विभाग ने ग्रामीणों को तालाब और प्रभावित नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। साथ ही किसानों से भी खेतों में जाते समय सतर्कता बरतने की अपील की गई है। फिलहाल पुरेनहाऊ में मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान जारी है।
