सतना:छतरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही जान चली गई। शव और घायल कार में इस तरह फंसे थे कि उन्हें गेट तोड़कर निकालना पड़ा।एक्सीडेंट बड़ामलहरा तहसील के मुंगवारी और चौपरिया सरकार गांव के बीच सागर-कानपुर हाईवे नंबर 34 पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुआ।
कार में सतना निवासी प्रजापति परिवार के 7 सदस्य सवार थे, जो शाहगढ़ जा रहे थे। सूचना मिलते ही सागर आईजी हिमानी खन्ना सहित गुलगंज पुलिस मौके पर पहुंची। कार के गेट तोड़कर शवों को बाहर निकाला जा सका। हादसे में महेंद्र प्रजापति (30),लक्ष्मण प्रजापति (40), दीपक प्रजापति (24), सुरेंद्र प्रजापति (26), लालू प्रजापति (17) की मौत हो गई। जबकि गंभीर तौर पर घायल भूपेंद्र प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति का उपचार जारी है।
गुलगंज थाना प्रभारी गुरु दत्त शेषा ने बताया कि ट्रक सागर की तरफ से आ रहा था जबकि कार छतरपुर की तरफ से आ रही थी। तेज रफ्तार ट्रक ने कार नंबर MP19 CA 0857 को सामने से टक्कर मारी। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक को लेकर भाग निकला था। जिसे पुलिस ने पीछा कर बिजावर रोड पर पकड़ लिया। ड्राइवर से पूछताछ कर रही है।
बहन को लेने जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक, सतना निवासी प्रजापति परिवार के लोग दो कारों में छतरपुर से शाहगढ़ जा रहे थे। सभी बहन को ससुराल से मायके लाने के लिए निकले थे। एक कार आगे निकल गई थी जबकि पीछे चल रही सेंट्रो कार हादसे का शिकार हो गई।
