गुना। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो पारदी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 984 ग्राम सोना बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 47 लाख रुपये बताई गई है। 2-3 अगस्त की दरमियानी रात पंचायत सचिव पवन मीना के घर से बदमाश करीब ढाई किलो सोना, 3 किलो चांदी और 11.5 लाख रुपये नकदी से भरी तिजोरी समेत मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए थे।
एसपी हितिका वासल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने मध्यप्रदेश के कई जिलों और राजस्थान के विभिन्न इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। आधुनिक तकनीक और ड्रोन कैमरों की मदद से 8 अगस्त को कनेरा निवासी राजू पारदी और गजानंद पारदी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों के ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई है और पुलिस बाकी सोना, चांदी व नकदी बरामद करने के प्रयास में जुटी है।
