चंडीगढ़, 22 जुलाई (वार्ता) केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में यहां सेक्टर-17 प्लाजा में विभिन्न छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। ट्राईसिटी के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों पर बल प्रयोग किया जाना अनुचित है। उनका कहना था कि नीट परीक्षा पेपर लीक मामले ने बड़ी संख्या में छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण से जुड़े 22 छात्रों की मौत को आत्महत्या नहीं बल्कि व्यवस्था की विफलता का परिणाम माना जाना चाहिए।
छात्रों ने जंतर-मंतर में हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को शांतिपूर्वक उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। उन्होंने सरकार से छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सेक्टर-17 प्लाजा में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एकत्रित रहे और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।