जबलपुर: जबलपुर-दमोह मुख्य मार्ग पर कटंगी थाना अंतर्गत ककरेहटा तिराहे के पास दमोह से माता नाहन देवी के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जबलपुर रेफर किया गया है। हादसा उसे वक्त हुआ जब वे बस का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, दमोह जिले के ग्राम पटेरा निवासी दशरथ सिंह लोधी (38) अपने गांव के साथियों रोहित ठाकुर, गणेश काछी, परम सिंह लोधी और सोनू सिंह ठाकुर के साथ माता नाहन देवी के दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस दमोह जाने के लिए ककरेहटा तिराहे पर सड़क किनारे खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे।
जबलपुर की ओर से आ रही कार क्रमांक एमपी 40 बीई 0810 के चालक ने वाहन को अत्यंत तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सड़क किनारे खड़े गणेश काछी, परम सिंह लोधी और सोनू सिंह ठाकुर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। तीनों घायलों के हाथ, पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
