
सिंगरौली। सिंगरौली अंचल के लिए यह दिन ऐतिहासिक बन गया है। वर्षों से लंबित चली आ रही सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन को नियमित किए जाने की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के निरंतर प्रयास के चलते केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस ट्रेन के नियमित संचालन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से पूरे जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी और उत्साह का माहौल है।
सिंगरौली जैसे औद्योगिक और ऊर्जा उत्पादन के केंद्र के लिए राजधानी भोपाल से सीधी और नियमित रेल सेवा की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने इस जनहित की मांग को गंभीरता से लेते हुए रेलवे मंत्रालय के समक्ष बार-बार मजबूती से रखा। उन्होंने सिंगरौली जिले की औद्योगिक, शैक्षणिक, सामाजिक और प्रशासनिक जरूरतों का हवाला देते हुए राजधानी से बेहतर रेल कनेक्टिविटी को समय की मांग बताया। वहीं इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं ने सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। लोगों ने इसे सिंगरौली के सर्वांगीर्ण विकास की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम बताते हुए कहा कि यह रेल सौगात आने वाले वर्षों में जिले की तस्वीर और तकदीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी। रेल मंत्रालय के इस निर्णय से सिंगरौली वासियों ने खुशी जाहिर की है।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति, यात्रियों को बड़ी राहत
सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस के नियमित संचालन से अब यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। व्यापारियों के लिए व्यापारिक गतिविधियों को विस्तार देने, विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंच, मरीजों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आम नागरिकों के लिए प्रशासनिक कार्यों के लिए भोपाल की यात्रा अब पहले से कहीं अधिक आसान और सुलभ हो जाएगी। इससे समय, धन और संसाधनों की भी बचत होगी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह ट्रेन सिंगरौली के विकास की रीढ़ साबित होगी। इससे न केवल सिंगरौली बल्कि आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। रेल सुविधा के सुदृढ़ होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।
सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस को इंदौर तक बढ़ाने की उठी मांग
सिंगरौली जिले से भोपाल के बीच नियमित हुई एक्सप्रेस ट्रेन को अब इंदौर तक विस्तारित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। जिले के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि सिंगरौली के बड़ी संख्या में युवा इंदौर में उच्च शिक्षा, मेडिकल, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, ऐसे में सीधी रेल सेवा समय की बड़ी जरूरत है। वर्तमान में इंदौर जाने के लिए छात्रों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है या फिर महंगे निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ता है। यदि सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस को इंदौर तक जोड़ा जाता है तो हजारों छात्रों को सीधा और सुरक्षित सफर मिल सकेगा। छात्रों और अभिभावकों ने इस मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों से पहल करने की अपील की है। लोगों का मानना है कि इससे शिक्षा के साथ-साथ व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और सिंगरौली का इंदौर जैसे शैक्षणिक हब से मजबूत संपर्क स्थापित होगा।
सांसद ने सभा में दी जानकारी
रीवा में रेल हवाई यात्रा के शुभारंभ अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन के दौरान साझा किया कि अभी-अभी रेल मंत्रालय भारत सरकार के यहां से फोन आया था कि सिंगरौली-भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन नियमित चलने वाली है। यह हमारे एवं सिंगरौली वासियों के लिए खुशी भरा पल है। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के प्रति अभार जताया है।
