
उज्जैन। गुरुवार सुबह बिजली के खंभे पर चढ़ा लाइनमैन करंट लगने से जमीन पर आ गिरा, गंभीर घायल होने पर उसे महिदपुर से उज्जैन उपचार के लिए रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि ग्राम महूखेड़ी महिदपुर में रहने वाला कालूराम पिता कन्हैया लाल मारू बिजली विभाग में लाइनमैन है। सुबह महिदपुर सिटी में बिजली संधारण के लिए ऑपरेटर शकीर के साथ गया था। जिस खंभे पर संधारण होना था उसकी विद्युत सप्लाई को बंद कर ऑपरेटर शकीर चला गया। लेकिन कालूराम संधारण के लिए दूसरे खंबे पर चढ़ गया जिसकी सप्लाई बंद नहीं की गई थी। उसने जैसे ही बिजली के तारों को पकड़ा करंट लगने से 10 फीट नीचे जमीन पर आ गिरा। जहां करंट लगने से वह झुलस गया था, वही गिरने से उसे चोट भी लगी। लोगों ने उसे महिदपुर अस्पताल पहुंचाया लेकिन हालात नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उज्जैन रेफर कर दिया जहां चरक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
