ग्वालियर: जिले के 23 सरकारी अस्पतालों में एक साथ एचआरपी क्लीनिक लगाकर गर्भवती माताओं की जांच की गई। क्लीनिकों पर 1006 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इनमें से 437 महिलाओं को हाई रिस्क गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत चिन्हित स्वास्थ्य संस्थाओं में एचआरपी क्लीनिक लगाकर हाइरिस्क गर्भवती माताओं की जांच की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 23 स्वास्थ्य संस्थाओं में आयोजित हुई एचआरपी क्लीनिक में 1006 गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी, हीमोग्लोचिन सहित खून की अन्य जांच भी कराई गई। इनमें से 437 महिलाओं को हाई रिस्क गर्भवती माताओं के रूप में चिन्हित किया गया। इनमें से 17 महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 116 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी जांच की गई है।
