​सीहोर में गलत दिशा से आ रहे टैंकर ने बाइक सवारों को रौंदा, इकलौते बेटे की मौत, एक गंभीर

सीहोर। पुराने स्टेट हाईवे पर गलत दिशा से आ रहे पानी के टैंकर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया. इस हादसे में एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया. घटना के बाद टैंकर का चालक मौके से भाग निकला. आक्रोशित लोगों की भीड़ ने ट्रैक्टर- टैंकर में तोडफ़ोड़ की और आग लगाने का प्रयास किया. पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.

शहर में अंधाधुंध रफ्तार से दौड़ते वाहन निर्दोष लोगों के लिए काल साबित हो रहे हैं.बड़े वाहनों से लेकर दुपहिया वाहनों की धमाचौकड़ी से हादसों में लगातार इजाफा हो रहा है. इसके बाद भी जिम्मेदार विभाग द्वारा आवश्यक कदम नहीं उठाए जा रहे हैं. ऐसे ही एक मामले में बीती रात पुराने स्टेट हाईवे पर डीमार्ट के सामने लोमहर्षक सड़क हादसे ने गरीब के घर का इकलौता चिराग बुझा दिया. जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली अंतर्गत सिपाहीपुरा निवासी रफीक मियां परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार की परवरिश करते हैं. उनका इकलौता 16 वर्षीय पुत्र माहद बीती रात अपने दोस्त आकिब आ. बब्बू खां के साथ बाइक से चाय पीने मगसपुरा की एक होटल पर गए थे. बताया जाता है कि रात्रि 11.30 बजे जब वह घर लौट रहे थे तभी डीमार्ट के समीप गलत दिशा से पानी का टै्रक्टर-टैंकर आ गया, जिससे उनकी बाइक भिड़ गई. इस हादसे में माहद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त आकिब गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग गया. मंडी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.

अस्पताल में उमड़ी भारी भीड़

हादसे की जानकारी कस्बा क्षेत्र के लोगों को मिली तो कई युवा मौके पर पहुंच गए.ट्रैक्टर में तोडफ़ोड़ करते हुए आग लगाने का प्रयास किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें काबू में किया. इस दौरान अस्पताल में भी भारी भीड़ जमा हो गई थी. जिसे देखते हुए वहां पुलिस बल तैनात किया गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल आकिब को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है. हादसे के बाद कस्बे में शोक का माहौल निर्मित हो गया था. थाना मंडी पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर- टैंकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए टैंकर जब्त कर लिया है.

Next Post

56 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त नाबालिग पकड़ाया, आरोपी पिता फरार

Wed Jun 10 , 2026
भोपाल। कजलीखेड़ा पुलिस ने 56 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त किया है. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को पकड़ा है और नाबालिग को आरोपी पिता मौके से फरार हो गया. आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है. पुलिस के मुताबिक मंगलवार को देर रात सूचना मिली कि एक शख्स […]

You May Like