स्व.अर्जुन सिंह की स्मृति में भव्य सांस्कृतिक संध्या और मुशायरा, शायरों ने दी श्रद्धांजलि

भोपाल:स्वर्गीय अर्जुन सिंह की स्मृति में बुधवार को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। “अर्जुन सिंह अलंकरण एवं अखिल भारतीय मुशायरा” शीर्षक से आयोजित यह कार्यक्रम शाम 8:30 बजे रविन्द्र भवन के मुक्ताकाश मंच पर हुआ। इस आयोजन का संचालन अर्जुन सिंह सद्भावना मंच द्वारा किया गया।

देशभर से आए प्रसिद्ध कवियों और शायरों ने अपने कलाम के माध्यम से स्वर्गीय अर्जुन सिंह को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अर्जुन सिंह के सार्वजनिक जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और सांप्रदायिक सौहार्द की उनकी सोच को याद किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमेठी (उत्तर प्रदेश) के सांसद किशोरी लाल शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि एवं स्वर्गीय अर्जुन सिंह के पुत्र अभिमन्यु सिंह ‘दीपू दादा’ ने अपने पिता से जुड़ी प्रेरक स्मृतियाँ साझा करते हुए कहा कि उनका जीवन समाजिक न्याय और सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित था।

इस अवसर पर महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नसीम अहमद सिद्दीकी, विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, पूर्व मंत्री एवं विधायक पी.सी. शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता शहरयार खान सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को “अर्जुन सिंह अलंकरण” से सम्मानित किया गया। इनमें हॉकी के जादूगर ध्यानचंद के पुत्र अशोक सिंह, वरिष्ठ पत्रकार विजयदत्त श्रीधर, प्रसिद्ध लोकगायक प्रह्लाद सिंह टिपानिया, सांस्कृतिक कार्यकर्ता हरिश्चंद्र भट्टी सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल रहे।

कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने वाले प्रमुख शायरों में ताहिर फ़राज़ (रामपुर), पापुलर मेरठी (मेरठ), मंज़र भोपाली (भोपाल), शबीना अदीब (कानपुर), शकील आज़मी (मुंबई) सहित कई अन्य शायरों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Next Post

नकबजनी का आरोपी 24 घण्टे में गिरफ्तार 

Wed Nov 5 , 2025
भोपाल।कोहेफिजा थाना पुलिस ने नकबजनी के आरोपी को 24 घण्टे में गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को ईदगाह हिल्स निवासी फऱियादी संजय तलरेजा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. संजय ने […]

You May Like