पसली में चोट के चलते रबाडा पहले टेस्ट से बाहर

कोलकाता, 14 नवम्बर (वार्ता) कगिसो रबाडा को मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के अभ्यास सत्र के दौरान चोट लगी थी जिसके चलते उन्हें कोलकाता में खेले जा रहे पहले टेस्ट से बाहर होना पड़ा। अगले सप्ताह गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

ईएसपीएनक्रिकइंफो को पता चला है कि जिस दिन रबाडा को चोट लगी थी उस दिन उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया। हालांकि उन्होंने बुधवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया था लेकिन गुरुवार को वैकल्पिक अभ्यास सत्र में वह शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद मैच के दिन की सुबह उनका फ़िटनेस टेस्ट भी हुआ लेकिन इस दौरान उन्हें असहज महसूस हुआ जिसके बाद उनके मैच से बाहर होने का फ़ैसला लिया गया।

इस दौरे से पहले तीन टेस्ट खेल चुके कॉर्बिन बॉश को दक्षिण अफ्रीका के एकादश में रबाडा की जगह शामिल किया गया। बॉश पाकिस्तान के दौरे पर भी दक्षिण अफ्रीका के दल का हिस्सा थे लेकिन उन्हें एक भी मैच में खेलने का मौक़ा नहीं मिला था। वह अब वियान मुल्डर और मार्को यानसन के साथ दक्षिण अफ्रीका के एकादश में तीसरे तेज गेंदबाज हैं।

दक्षिण अफ्रीका के पास दल में इनके अलावा एक भी तेज गेंदबाज़ नहीं है, लुंगी एनगिडी को पाकिस्तान और फिर भारत दौरे पर भी दल में नहीं चुना गया। रबाडा की चोट के बावजूद अभी विकल्प की घोषणा नहीं हुई है।

अगले टेस्ट के बाद दक्षिण अफ्रीका आगामी पांच सप्ताह में भारत में तीन वनडे और पांच टी20 भी खेलेगी। अभी तक दक्षिण अफ्रीका ने सफ़ेद गेंद सीरीज के लिए अपने दल की घोषणा नहीं की है लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को मद्देनज़र रखते हुए दक्षिण अफ्रीका प्राथमिक टी20 दल चुनेगी। रबाडा के टी20 दल का हिस्सा होने की संभावना है।

 

 

Next Post

सिरोंज में नपा हेल्पलाइन और हेल्प डेस्क से बढ़ी सुविधा, शिकायतें हुईं कम

Fri Nov 14 , 2025
सिरोंज: आपकी नगरपालिका आपके फोन पर अभियान के तहत सिरोंज नगरपालिका द्वारा पिछले वर्ष मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया था, जिसके माध्यम से लोग घर बैठे नगरपालिका से संबंधित समस्याओं की शिकायत कर सकते हैं. एक वर्ष में इस हेल्पलाइन पर […]

You May Like