
इंदौर. लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने अहमदाबाद से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर इंदौर लाया है. मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी क्राइम ने बताया कि संदिग्ध से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
डीसीपी त्रिपाठी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि एसआईटी लगातार विभिन्न राज्यों में कार्रवाई कर संदिग्धों तक पहुंच रही है. हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में टीम ने एक व्यक्ति को चिन्हित कर हिरासत में लिया, जिससे इंदौर में पूछताछ की जा रही है. एसआईटी प्रभारी टीआई नीरज मेढ़ा टीम के साथ अहमदाबाद पहुंचे थे, जहां कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को ट्रेस किया था, इससे पहले भी टीम लॉरेंस गैंग से जुड़े आरोपियों से जेल में पूछताछ कर चुकी है, वहीं कुछ आरोपियों को अलग-अलग जिलों से गिरफ्तार किया. जांच के दौरान कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने राजपाल और राहुल उर्फ राहुल बाबा को पकड़ा था, राहुल बाबा के मोबाइल की जांच में अहमदाबाद कनेक्शन सामने आया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. डीसीपी का कहना है कि पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. फिलहाल संदिग्ध से पूछताछ जारी है और मामले में और खुलासे होने की संभावना है.
