
नयी दिल्ली, 08 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को लेकर व्यापारियों के बीच खुशी का माहौल है और फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने जगह-जगह मिठाई बांटी तथा एक- दूसरे को बधाई दी।
इस अवसर पर फेडरेशन के चेयरमैन परमजीत सिंह पम्मा, अध्यक्ष राकेश यादव, महासचिव कमल कुमार, कोषाध्यक्ष दीपक मित्तल, व्यापारी नेता गोपाल ग्रोवर, हरजीत सिंह छाबड़ा, रमन हांडा और अन्य व्यापारी उपस्थित थे। श्री पम्मा तथा यादव ने कहा कि बहुत खुशी की बात है कि भाजपा पूरे बहुमत के साथ दिल्ली की सत्ता में आई है। इससे व्यापारियों में उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार मिलकर तेजी से दिल्ली का विकास करेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से जो भी मुख्यमंत्री बनेंगे, उसको फेडरेशन का एक डेलिगेशन मिलकर सदर बाजार की समस्याओं से अवगत कराएगा और सदर बाजार विकास बोर्ड की मांग करेगा।
