
उगली, सिवनी। सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में बैनगंगा नदी के संगम स्थल पर पिंडदान करने आए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद फिर से इस धार्मिक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी उजागर हो गई है।
जानकारी के अनुसार, लालबर्रा थाना क्षेत्र के कन्हार टोला निवासी 50 वर्षीय मोहर सिंह राणा अपने परिवार के साथ ग्राम दोरेंदा से पिंडदान के लिए संगम स्थल पर आए थे। पिंडदान के दौरान वे नदी में डूब गए। परिजनों ने तुरंत उगली पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। रात हो जाने के कारण मौके पर पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए केवलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
उगली थाना प्रभारी ने बताया कि हिर्री-बैनगंगा संगम पर हर साल पिंडदान के दौरान इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। प्रशासन से मांग उठ रही है कि इस स्थान पर सतर्कता और बचाव दल की व्यवस्था की जाए ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।
