चार दिन में 292.5 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई, बॉक्स ऑफिस पर छाई ‘पेड्डी ‘

मुंबई, 08 जून (वार्ता) अभिनेता राम चरण और अभिनेत्री जाह्नवी कपूर अभिनीत पैन-इंडिया फिल्म ‘पेड्डी’ ने रिलीज के पहले चार दिनों में विश्वभर के बॉक्स ऑफिस पर 292.5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर शानदार सफलता दर्ज की है।निर्माताओं के अनुसार, फिल्म को दुनिया भर के दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। रिलीज से पहले इसके गीतों, ट्रेलर और व्यापक प्रचार अभियान को भी दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला था, जिसका सकारात्मक असर बॉक्स ऑफिस पर देखने को मिल रहा है। फिल्म ने शुरुआती सप्ताहांत में सभी प्रमुख बाजारों में मजबूत प्रदर्शन किया और चार दिनों में 292.5 करोड़ रुपये से अधिक का वैश्विक ग्रॉस कलेक्शन हासिल कर लिया। समीक्षकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और दर्शकों के बीच मिले अच्छे प्रचार को इसकी सफलता का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

बुची बाबू सना द्वारा लिखित और निर्देशित ‘पेड्डी ‘ में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्माण वृद्धि सिनेमाज के बैनर तले वेंकट सतीश किलारू ने किया है। निर्माण में मैत्री मूवी मेकर्स, सुकुमार राइटिंग्स और आईवीवाई एंटरटेनमेंट का सहयोग रहा है, जबकि ईशान सक्सेना इसके सह-निर्माता हैं। फिल्म के तकनीकी पक्ष को भी काफी सराहा जा रहा है। इसका संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि छायांकन आर. रत्नावेलु ने किया है। फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन अविनाश कोल्ला और संपादन नवीन नूली ने किया है। ‘पेड्डी ‘को उत्तर भारत में जियो स्टूडियोज द्वारा वितरित किया जा रहा है। यह फिल्म 04 जून, 2026 को विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

.....

Next Post

'गवर्नर' के लिए मेकर्स की अनोखी पहल, 1990 के दशक की तर्ज पर रखी जाएगी टिकट कीमत

Mon Jun 8 , 2026
मुंबई, 08 जून (वार्ता)अभिनेता मनोज बाजपेयी अभिनीत आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ की रिलीज से पहले इसके निर्माताओं ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए एक अनूठी मार्केटिंग रणनीति की घोषणा की है। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान टिकटों की कीमतों को 1990 के दशक की तर्ज पर रखने का फैसला किया […]

You May Like