मुंबई, 08 जून (वार्ता)अभिनेता मनोज बाजपेयी अभिनीत आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ की रिलीज से पहले इसके निर्माताओं ने दर्शकों को आकर्षित करने के लिए एक अनूठी मार्केटिंग रणनीति की घोषणा की है। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान टिकटों की कीमतों को 1990 के दशक की तर्ज पर रखने का फैसला किया गया है।सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘गवर्नर’ भारत के इतिहास के उस दौर की कहानी को पर्दे पर प्रस्तुत करती है, जब देश गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक दृढ़ और जिम्मेदार गवर्नर की भूमिका में नजर आएंगे, जिन पर देश को संकट से उबारने की अहम जिम्मेदारी है।
फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, यह विशेष पहल दर्शकों को उसी दौर से जोड़ने का प्रयास है, जिसकी पृष्ठभूमि पर फिल्म की कहानी आधारित है। उनका मानना है कि पुरानी टिकट कीमतों की अवधारणा दर्शकों को एक अलग और यादगार सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगी। निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर इस विशेष प्राइसिंग रणनीति की घोषणा करते हुए कहा कि फिल्म की कहानी जितनी ऐतिहासिक है, टिकटों की कीमतें भी उसी दौर की याद दिलाएंगी। यह पहल दर्शकों को 1990 के दशक के माहौल का एहसास कराने के उद्देश्य से की गई है। ‘गवर्नर’ का निर्माण सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि विपुल अमृतलाल शाह इसके निर्माता और आशिन ए. शाह सह-निर्माता हैं।फिल्म की पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

