जापान के पूर्व प्रधानमंत्री तोमीची मुरायामा का निधन

टोक्यो, 17 अक्टूबर (वार्ता) पूर्व जापानी प्रधानमंत्री तोमीची मुरायामा का उनके गृह नगर ओइता में 101 वर्ष की आयु में निधन हो गया।वह 1990 के दशक के मध्य में देश के प्रधानमंत्री रहे थे। क्योदो समाचार समिति ने यह जानकारी दी है।
ओइता प्रान्त में 3 मार्च, 1924 को जन्मे श्री मुरायामा 1993 में जापान सोशलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष बने और जून 1994 से जनवरी 1996 तक प्रधानमंत्री रहे।

श्री मुरायामा ने 15 अगस्त 1995 को द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर अपने नाम से एक कैबिनेट-अनुमोदित बयान जारी किया, जिसमें कहा गया था “जापान, एक गलत राष्ट्रीय नीति का पालन करते हुए युद्ध की ओर बढ़ गया था और अपने औपनिवेशिक शासन और आक्रमण से कई देशों विशेष रूप से एशियाई देशों के लोगों को भारी क्षति और पीड़ा पहुँचायी।”

मुरायामा वक्तव्य में “गहरा पश्चाताप” भी व्यक्त किया गया और ” क्षमायाचना” की पेशकश की गयी, जिसमें जापान की युद्धकालीन कार्रवाइयों के लिए अप्रत्याशित शोक वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिसे अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने व्यापक रूप से काफी सराहा था।

उन्होंने वर्ष 2000 में राजनीति से संन्यास ले लिया और शांति कार्याें के लिए खुद को समर्पित करना जारी रखा।

श्री मुरायामा ने 15 अगस्त, 2020 को अपने वक्तव्य की 25वीं वर्षगांठ पर इतिहास को स्वीकार करने पर जोर दते हुये एक बार फिर क्षमा याचना की और आक्रमण तथा औपनिवेशिक शासन से दूर रहने का संकल्प लिया। उन्होंने यह भी कहा था कि मुरायामा वक्तव्य भविष्य में जापान, एशिया और दुनिया में सुलह, शांति और विकास में योगदान देता रहेगा।

 

 

Next Post

गुजरात में नये मंत्रिमंडल का हुआ गठन , 25 मंत्रियों को दिलायी गयी शपथ

Fri Oct 17 , 2025
गांधीनगर, 17 अक्टूबर (वार्ता) गुजरात में भूपेंद्र पटेल मंत्रिमंडल का शुक्रवार को विस्तार किया गया और 25 मंत्रियों को शपथ दिलायी गयी। नये मंत्रिमंडल में छह मंत्रियों को दोबारा मंत्री बनाया गया है और 10 मंत्रियों को इसमें जगह नहीं मिली है। यहां महात्मा मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम में […]

You May Like