ऋषिकेश, 08 जून, (वार्ता)उत्तराखंड में देहरादून पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रविवार देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
पुलिस के अनुसार देर रात जांच अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुंह पर कपड़ा बांधे मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज करते हुए बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मार दी और श्यामपुर की ओर फरार होने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाश कुछ दिन पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में हुई फायरिंग की एक घटना में वांछित चल रहे थे। आरोप है कि उन्होंने दो व्यक्तियों पर गोली चलाकर उन्हें घायल किया था, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
