जबलपुर: बरगी पुलिस ने नर्मदा नदी से अवैध रूप से रेत का परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेराबंदी कर पकड़ा है। मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ट्रैक्टर का मालिक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि नर्मदा नदी के घाट से अवैध रेत निकालकर एक ट्रैक्टर बरगी नगर की ओर आ रहा है। सूचना पर बरगी नगर के व्हीकल मोड़ पर घेराबंदी कर दी।
कुछ ही देर में सामने से एक स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर आता दिखाई दिया, जिसकी ट्रॉली में भारी मात्रा में रेत लोड थी। पुलिस ने घेराबंदी ट्रैक्टर को रोक लिया। ट्रैक्टर रुकवाकर जब चालक रामस्वरूप भूमिया ( 46), निवासी ग्राम बसहा चौकी गौर से पूछताछ की गई। पुलिस ने जब ट्रॉली में भरी रेत के संबंध में रॉयल्टी पर्ची या परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी चालक रामस्वरूप ने कबूल किया कि वह यह रेत नर्मदा नदी के बसहा घाट से चोरी छुपे लोड करके अवैध रूप से ऊंचे दामों में बेचने के लिए ले जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम हिनौता निवासी कौशल पटेल की है। आरोपी चालक ने बताया कि उसने यह वाहन कौशल से किराए पर लिया था, लेकिन इस किराएदारी के संबंध में भी उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने रेत समेत ट्रैक्टर-ट्रॉली को तुरंत जप्त कर लिया। आरोपी ट्रैक्टर चालक रामस्वरूप भूमिया और वाहन मालिक कौशल पटेल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
