जबलपुर: बरेला पुलिस ने कोसमघाट में दबिश देकर अवैध अंग्रेजी शराब का एक बड़ा जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 लाख 6 हजार रुपये कीमत की 408 बोतल शराब जब्त की है। शराब सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।
बरेला थाना प्रभारी संगीता सिंह ने बताया कि बंगाली डेयरी पेट्रोल पम्प के पास, ग्राम कोसमघाट में घेराबंदी की गई।
बंगाली डेयरी के एक कमरे का दरवाजा खुला था, जहां दो युवक खाकी रंग के कार्टूनों की गिनती कर रहे थे। पुलिस ने प्रकाश चक्रवर्ती 26 वर्ष, निवासी ग्राम सालीवाड़ा और सौरभ पाल 26 वर्ष, निवासी अग्रवाल पेट्रोल पम्प के पास, बरेला को दबोचा। कमरे में रखे तख्त की तलाशी लेने पर कुल 34 कार्टून बरामद हुए, जिनमें भारी मात्रा में शराब भरी थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 408 बोतलें लगभग 306 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। बाजार में इसकी कीमत करीब 3 लाख 6 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि यह शराब उन्हें ग्राम सालीवाड़ा निवासी आकाश चक्रवर्ती ने बेचने के लिए लाकर दी थी। पुलिस ने आरोपी प्रकाश और सौरभ के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार मुख्य आरोपी आकाश चक्रवर्ती की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
