कॉलेजी छात्राओं का 10 किलोमीटर तक पीछा, फिर छेडख़ानी, तीन आरोपी गिरफ्तार

सीधी। जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेमरिया के हनुमानगढ़ तिराहा में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सीधी कॉलेज में पढक़र घर लौट रही छात्राओं का बाइक सवार तीन युवकों द्वारा 10 किलोमीटर पीछा करने और छेडख़ानी की वारदात ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। हालांकि इस दौरान छात्राओं ने घबराने के बजाय साहस का परिचय दिया और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़वा दिया। मिली जानकारी के अनुसार, छात्राएं बस से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान सीधी से ही बाइक सवार तीन युवक जानू साकेत पिता मुन्ना साकेत उम्र 20 वर्ष, धर्मेंद्र साकेत पिता छगोले साकेत उम्र 20 वर्ष और लक्ष्मण साकेत पिता कामता साकेत उम्र 20 वर्ष सभी निवासी ग्राम करगिल थाना जमोड़ी लगातार करीब 10 किलोमीटर तक सीधी से सेमरिया तक उनका पीछा करते रहे। जैसे ही छात्राएं हनुमानगढ़ तिराहा के पास बस से उतरीं, तीनों युवकों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल नंबर मांगने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने छात्राओं का हाथ पकड़ लिया और उनके साथ अशोभनीय हरकतें करने लगे। जहां इस घटना से सहमी छात्राएं जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीडि़त छात्राओं ने जब पूरी घटना बताई तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने तीनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान छात्राओं ने भी हिम्मत दिखाते हुए मनचलों का विरोध किया और उन्हें सबक सिखाने में पीछे नहीं रहीं। प्रत्यक्षदर्शी रामू कोल के अनुसार जैसे ही लड़कियों ने शोर मचाया, ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपियों को छात्राओं से अलग किया। इसके बाद उन्हें पकडक़र पुलिस को सूचना दी गई। वहीं सूचना मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

सरपंच घराने से संबंधित हैं तीनों मनचले

सीधी से 10 किलोमीटर दूर सेमरिया तक बस का पीछा करने वाले बाइक सवार तीनों मनचले सरपंच घराने से संबंधित हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत करगिल सरपंच मुन्ना साकेत का पुत्र जानू साकेत है। वहीं दो आरोपियों के पिता सरपंच पद के उम्मीदवार रहे। तीनों आरोपी लंबे समय से सीधी शासकीय कॉलेज के समीप ही अधिकांश समय गुजारते थे। इनका ठिकाना कॉलेज के आसपास लगने वाली चाय नास्ते ही दुकानें थी। कॉलेज लगने एवं अवकाश होने के दौरान यह मुख्य रूप से कॉलेज के आसपास मौजूद रहते थे और वहां से गुजरने वाली छात्राओं पर नजर रखते थे। जिन छात्राओं का पीछा करके यह तीनों मनचले सेमरिया तक पहुंचे उनके द्वारा काफी समय से कॉलेज के आसपास रैकी की जा रही थी। गलत मंशा के साथ ही तीनों आरोपी बाइक में सवार होकर छात्राओं के वाहन का पीछा करते हुए सेमरिया तक पहुुंच गए। यहां छात्राओं को घेरकर इनके द्वारा उनसे मोबाइल नंबर मांगने की जिद की जा रही थी। जिसके बाद छात्राओं द्वारा हल्ला मचाया गया।

इनका कहना है

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और तीनों आरोपियों को पकडक़र सेमरिया थाना लाया गया। यहां आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

केदार परौहा, थाना प्रभारी सेमरिया

Next Post

कृषि क्षेत्र में नवाचार और तकनीक अपनाएं युवा: राजनाथ

Sat Apr 11 , 2026
रायसेन। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को देश के युवाओं से कृषि क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और खेती में नयी एवं उन्नत तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। श्री सिंह यहां आज से प्रारंभ हुए राष्ट्रीय स्तर के ‘उन्नत कृषि महोत्सव’ 2026 मेले का शुभारंभ के अवसर पर […]

You May Like