आष्टा। क्षेत्र के कई गांवों में सोयाबीन की फसल पर पीला मोजेक रोग सहित अन्य कारणों से फसल खराब होने की शिकायतों के बीच किसानों की चिंता बढ़ गई है. किसान कांग्रेस ने प्रशासन से सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की है.
किसान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने किसानों से मुलाकात कर प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर फसलों की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा, रोग या अन्य कारणों से यदि किसानों की फसल खराब हो रही है तो शासन को खेतों का सर्वे कराना चाहिए.
किसान कांग्रेस ने कहा कि जिले में पिछले वर्ष फसल बीमा राशि को लेकर भी किसानों को पर्याप्त लाभ नहीं मिलने की शिकायतें सामने आई थीं. ऐसे में इस वर्ष सोयाबीन की फसल में बीमारी और खराबे की स्थिति ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है. कार्यक्रम में किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष जगदीश चौहान, महेश परमार, मुकेश प्रजापति, धर्मेंद्र सिंह ठाकुर, महेश मुदीखेड़ी, कमल सिंह चौहान, चेतन सिंह ठाकुर, बनप सिंह पटेल सहित पदाधिकारी व किसान मौजूद थे.
