सीमांकन, बंटवारे के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

सिंगरौली 1 फरवरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ रीवा लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चुरकी हल्का के पटवारी अमरीश सिंह बैस को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर सीमांकन और बंटवारे के काम के बदले शिकायतकर्ता से कुल 30 हजार रूपये की अवैध मांग करने का आरोप है।

लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता महेंद्र प्रसाद यादव पिता रामजनम यादव निवासी चुरकी ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि चुरकी हल्का का पटवारी अमरीश सिंह वैश्य पिता रामशिरोमणि बैस उम्र 40 वर्ष निवासी आजादपूर उसके भूमि संबंधी सीमांकन और बंटवारे के कार्य को करने के लिए 30 हजार की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए लोकायुक्त टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के बाद लोकायुक्त निरीक्षक संदीप भदौरिया के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता से 10 हजार की पहली किश्त लेते ही मोरवा थाना क्षेत्र के प्रताप ट्रांसपोर्ट कंपनी के सामने सिंगरौली से अनपरा मार्ग में पटवारी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। रिश्वत की राशि आरोपी के पास से बरामद कर ली गई है। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को प्रशासनिक महकमें में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Next Post

जहरीला पदार्थ खाने से तीन गायों की मौत

Sun Feb 1 , 2026
सिंगरौली 1 फरवरी। जिले के सरई इलाके में गौवंश के साथ की गई अमानवीय हरकत ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। अज्ञात व्यक्तियों द्वारा भूसे में जहरीला पदार्थ मिलाकर गौवंश को खिला दिया गया, जिससे तीन गौवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर […]

You May Like

मनोरंजन