इंदौर में रातभर कॉम्बिंग ऑपरेशन: 1348 बदमाश चेक, 652 पर कार्रवाई, 257 वारंट तामील

इंदौर। पुलिस ने शनिवार की दरमियानी रात शहरभर में बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग गश्त चलाकर 1348 बदमाशों की जांच की, जिनमें से 652 पर वैधानिक कार्रवाई की गई. इस दौरान 257 वारंट तामील किए गए, 220 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई हुई और अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कई प्रकरण दर्ज किए.

शहर में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन और एडिशनल कमिश्नर आर.के. सिंह व मयंक अवस्थी के मार्गदर्शन में चारों जोन की पुलिस ने रातभर सभी थाना क्षेत्रों में सरप्राइज चेकिंग और कॉम्बिंग गश्त की. कार्रवाई के दौरान 1348 गुंडे-बदमाशों की जांच कर 652 के खिलाफ कार्रवाई की गई है. विभिन्न मामलों में 257 से अधिक वारंट तामील किए गए, जिनमें 100 स्थाई, 72 गिरफ्तारी और 85 जमानती वारंट शामिल हैं, साथ ही 140 समंस भी तामील कराए गए. कई फरार आरोपी भी पुलिस की पकड़ में आए, जिन पर विधिक कार्रवाई जारी है. नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 220 चालकों को पकड़ा, जिन पर 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की. वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 23 प्रकरण दर्ज हुए, जबकि मादक पदार्थ सेवन के 3 मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की.

अवैध हथियारों पर कार्रवाई करते हुए सदर बाजार, लसूड़िया, बाणगंगा और सराफा पुलिस ने चार आरोपियों को चाकू सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किए. वहीं पुलिस ने आदतन अपराधियों पर सख्ती करते हुए 170 बीएनएसएस में 45, 129 बीएनएसएस में 10, 126बी/135(3) बीएनएसएस में 81 और 141(1)ख में 9 मामलों सहित कुल 145 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और समंस तामील किए. जबकि हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन पेट्रोलिंग कर निगरानी के दौरान 283 गुंडे, 74 नकबजन, 43 लुटेरे, 102 चाकूबाज, 139 निगरानीशुदा बदमाश और 62 जिलाबदर/रासुका आरोपी सहित 703 से अधिक अपराधियों को चेक कर सख्त हिदायत दी गई. वहीं सक्रिय अपराधियों को थाने बुलाकर उनके डोजियर भरवाए और भविष्य में अपराध न करने की चेतावनी दी गई. पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से संवाद किया और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम व सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक भी किया. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शहर में अपराध और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.

Next Post

पुलिस का सीक्रेट मिडनाइट स्टिंग, 7 हॉटस्पॉट पर देर रात तक रखी निगरानी

Sun Jun 7 , 2026
इंदौर। पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर सीक्रेट मिडनाइट स्टिंग ऑपरेशन चलाते हुए राऊ थाना क्षेत्र के 7 चिन्हित स्थानों पर देर रात महिला पुलिसकर्मियों को सादा वर्दी में तैनात किया. अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई, हालांकि कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई. महिला सुरक्षा और […]

You May Like