विपक्षी इंडिया गठबंधन की बैठक आठ जून को, कुछ प्रमुख दल नहीं होंगे शामिल

नयी दिल्ली, 6 जून (वार्ता)। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आठ जून को होगी जिसमें नीट परीक्षा से जुड़े विवाद, शिक्षा व्यवस्था, महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, चुनाव से जुड़े मुद्दों तथा संसद के मानसून सत्र के लिए साझा रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस की पहल पर हो रही इस बैठक को विपक्षी दलों के बीच समन्वय मजबूत करने की कोशिश बताया जा रहा है। बैठक सोमवार आठ जून को यहां कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) ने बैठक में शामिल नहीं होने की घोषणा की है। आम आदमी पार्टी पहले ही इंडिया गठबंधन से दूरी बना चुकी है।

हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों और विभिन्न राज्यों में बदलते राजनीतिक समीकरणों के मद्देनजर गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श के लिए इस बैठक को बुलाया गया है। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु तथा अन्य कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन की यह पहली बैठक है।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल बैठक के एजेंडे और इसकी तैयारियों को लेकर विभिन्न विपक्षी नेताओं से लगातार संपर्क में है। विपक्षी दल जनता से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने और संसद से लेकर सड़क तक संयुक्त संघर्ष की रणनीति पर सहमति बनाने का प्रयास कर सकते हैं।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

 

 

 

Next Post

मनासा में शासकीय भूमि पर बनी दुकानों पर चला बुलडोजर, 7 करोड़ की भूमि अतिक्रमण मुक्त

Sat Jun 6 , 2026
मनासा। नगर परिषद मनासा ने शनिवार को शासकीय नजूल भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 4800 वर्गमीटर भूमि पर निर्मित दुकानों को ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार यह भूमि कुकड़ेश्वर निवासी भाजपा नेता उज्जवल पटवा से संबंधित बताई जा रही है। कार्रवाई […]

You May Like