
इंदौर. पर्यावरण संरक्षण की पहल को मजबूती देते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने आज वृहद हरियाली महोत्सव मनाया. इस दौरान स्कीम नंबर 140 स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर परिसर में सैकड़ों औषधीय और बहुउपयोगी पौधे रोपे.
वृक्षारोपण कार्यक्रम की अगुवाई पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन अरविंद तिवारी ने की. उन्होंने बताया कि यह अभियान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पूरे पुलिस कमिश्नरेट में चलाया जा रहा है, जिसमें ट्रैफिक पुलिस भी सक्रिय भागीदारी निभा रही है. इस अवसर पर नीम, पीपल, आंवला, जामुन, करंज, पलाश, गोखरू और आम जैसे औषधीय व छायादार पौधे लगाए गए. तिवारी ने इसे पुलिस द्वारा पर्यावरण के प्रति ‘नैतिक योगदान’ बताया और कहा कि ऐसी पहलें भविष्य में भी जारी रहेंगी. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार कौल, एसीपी सुदेश सिंह, श्रीमती रेखा सिंह, मनोज खत्री, हिंदू सिंह मुवेल, यातायात थाना प्रभारी विजयकांत शुक्ला, यातायात नियंत्रण कक्ष पश्चिम के प्रभारी अर्जुन सिंह पंवार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और ट्रैफिक मैनेजमेंट मित्र भी मौजूद रहे. सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
