रेत पर साकार होगा राम मंदिर, दिखेगा अद्भुत सैंड आर्ट

जबलपुर: मानस भवन में 2, 3 एवं 4 जनवरी को आयोजित होने जा रहा चतुर्थ वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस इस वर्ष एक अनूठे आकर्षण का साक्षी बनेगा। ब्रह्मर्षि मिशन समिति, श्री रामचंद्र पाथ गमन न्यास भोपाल एवं श्री राम अवेयरनेस मूवमेंट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में जबलपुर वासियों को पहली बार सैंड आर्ट (रेत कला) का भव्य और जीवंत प्रदर्शन देखने को मिलेगा। इस विशेष अवसर पर ओडिशा के पुरी से देश-विदेश में ख्याति प्राप्त सैंड आर्टिस्ट गोपाल सामंत जबलपुर पहुंच रहे हैं। वे 1 जनवरी 2026 से मानस भवन की आर्ट गैलरी के मुख्य द्वार पर रेत से भव्य राम मंदिर का निर्माण करेंगे।

इस पावन कलाकृति के लिए मंडला से पवित्र नर्मदा नदी की रेत पहले ही जबलपुर लाई जा चुकी है। इस रेत कला का सबसे खास पहलू यह होगा कि दर्शक राम मंदिर का निर्माण प्रक्रिया को अपनी आंखों के सामने साकार होते हुए देख सकेंगे। कला, आस्था और आध्यात्मिक चेतना का यह संगम निश्चित ही श्रद्धालुओं और कला प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनेगा।

सैंड आर्टिस्ट गोपाल सामंत ओडिशा के प्रसिद्ध रेत कलाकार हैं, जिन्होंने समुद्र तटों पर रेत से बनाई गई अपनी कलाकृतियों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाई है। उन्हें राष्ट्रीय सैंड आर्ट फेस्टिवल सम्मान, युवा कलाकार सम्मान, न्यूज़ सेवन एवं प्रमेय उत्कृष्ट अवार्ड, साधना शिखर सम्मान सहित अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कारों और सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है। रेत पर निर्मित राम मंदिर चतुर्थ वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेस में जबलपुर की सांस्कृतिक पहचान में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
नर्मदा कलश स्थापना से होगा कॉन्फ्रेंस का शुभारंभ
चतुर्थ वर्ल्ड रामायण कॉन्फ्रेंस से पूर्व द्वितीय चरण के अंतर्गत अन 1 जनवरी 2026 को नर्मदा कलश स्थापना के साथ कार्यक्रम का मंगलारंभ होगा। 1 जनवरी को दोपहर 3 बजे मानस भवन सभागार में आयोजित इस विशेष समारोह में ज्ञानेश्वरी दीदी, आयोजन अध्यक्ष अजय बिश्नोई, सचिव डॉ. अखिलेश गुमास्ता, पंकज गौर, एडवोकेट रविरंजन सहित अनेक साधु-संतों के गरिमामय सान्निध्य में डॉ. सुधीर अग्रवाल एवं विनोद दीवान द्वारा पावन नर्मदा कलश की स्थापना की जाएगी।

Next Post

सतना स्मार्ट सिटी बोर्ड बैठक में रेवेन्यू मॉडल पर अहम फैसले

Thu Jan 1 , 2026
सतना: कलेक्टर एवं चेयरमैन सतना स्मार्ट सिटी डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में बुधवार को सतना स्मार्ट सिटी कार्यालय में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईडी शेर सिंह मीणा, नॉमिनी डायरेक्टर एसई एमपीईबी प्रशांत सिंह, टीएनसीपी से नागेश पेंड्रो, महेंद्र पाण्डेय, सीएफओ सत्यम मिश्रा, […]

You May Like