दमिश्क, 11 अगस्त (वार्ता) सीरिया में सुवेदा संघर्ष के बीच अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट और हत्या के चौंकाने वाले वीडियो की जांच का काम उप आंतरिक मंत्री को सौंपा गया है।
सीरियाई अरब समाचार एजेंसी के माध्यम से जारी एक आधिकारिक बयान में आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा मामलों के उप आंतरिक मंत्री मेजर जनरल अब्दुल कादर अल-तहान को जांच की निगरानी का दायित्व सौंपा गया है। मंत्रालय ने इस घटना की निंदा की है तथा आश्वासन दिया है कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी, उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा तथा उनकी संबद्धता चाहे जो भी हो उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।
गौरतलब है कि सीरिया में सुवेदा संघर्ष के बीच अस्पताल कर्मचारियों के साथ मार-पीट और हत्या का चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस वीडियो में हथियारबंद लोग सीरियाई अस्पताल के कर्मचारियों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर रहे हैं और विरोध करने पर एक व्यक्ति को बेरहमी से पीट रहे हैं। सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स (एसओएचआर) द्वारा जारी और रूस द्वारा नियंत्रित मीडिया आरटी द्वारा रिपोर्ट किए गए उस वीडियो में सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की सरकार के प्रति वफादार लड़ाकों को अस्पताल के कर्मचारियों को मार डालते हुए दिखाया गया है।
सुवेदा राष्ट्रीय अस्पताल में फिल्माए गए वीडियो में अस्पताल की वर्दी पहने चिकित्साकर्मियों का एक बड़ा समूह बंदूक की नोक पर घुटनों के बल बैठा हुआ दिखाई दे रहा है जिनके चारों ओर सशस्त्र लोग हैं जिनकी पहचान एसओएचआर ने सीरियाई रक्षा एवं आंतरिक मंत्रालयों के सदस्यों के रूप की है। एक बंदी के चेहरे पर थप्पड़ मारने के बाद वह पीछे हटता हुआ दिखाई दे रहा है और उसके तुरंत बाद उसे बिल्कुल पास से दो गोलियां मार दी जाती हैं। वीडियो में आगे भी गोलीबारी की घटना दिखाई दे रही है जिसमें कई पीड़ित ज़मीन पर गिर रहे हैं।
अनुमान है कि यह फुटेज संघर्षग्रस्त दक्षिणी शहर सुवेदा के अस्पताल में लगे सुरक्षा कैमरों से लिया गया है जिसे कार्यकर्ता समूह सुवेदा 24 ने भी जारी किया है। 16 जुलाई को जारी इस वीडियो को ड्रूज लड़ाके, बेडौइन आदिवासी लड़ाकों और सरकारी बलों के बीच हिंसक झड़पों के दौरान रिकॉर्ड किया गया था।
स्थानीय कार्यकर्ता समूहों का दावा है कि हमलावर सीरियाई सेना एवं सुरक्षा बलों के सदस्य हैं। हालांकि एक सीरियाई सरकारी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि अधिकारियों को अभी तक यह पता नहीं चला है कि हमलावर सरकारी कर्मचारी हैं या कबायली लड़ाके। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार अधिकारी ने कहा है कि जांच जारी है।
इस घटना ने ड्रूज़ समुदाय और सीरियाई सरकार के बीच संबंधों को और बिगाड़ दिया है। ड्रूज़ राष्ट्रीय स्तर पर अल्पसंख्यक हैं लेकिन सुवेदा में बहुसंख्यक हैं और सशस्त्र बेडौइन गुटों के साथ झड़पों के बाद बढ़ती सांप्रदायिक हिंसा से ग्रस्त हैं।
राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के नेतृत्व वाली सरकार इस क्षेत्र पर नियंत्रण स्थापित करने तथा स्थानीय ड्रूज़ समूहों को शस्त्र विहीन करने की कोशिश करती दिख रही है लेकिन अभी भी काफी तनाव है।

