नयी दिल्ली 09 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने नोबेल पुरस्कार को लेकर दिये गये बयान के मुद्दे पर बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि श्री केजरीवाल का खुद के लिए नोबल पुरस्कार की मांग करना हास्यास्पद है और भद्दा मजाक है।
श्री सचदेवा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “जैसा कि हम जानते हैं कि श्री केजरीवाल युवा काल से ही विदेशों से मिले पैसे से देश में अराजकता फैलाते आये हैं। उनको मैगेसय अवार्ड मिलना, उनके अमेरिका के फोर्ड फाउंडेशन से रिश्ते सब संदेहास्पद रहे हैं।”
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने मोहाली में एक किताब के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि सुशासन के लिए उन्हें भी नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए।
भाजपा नेता ने श्री केजरीवाल के इस बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली वाले श्री केजरीवाल की नोबल पुरस्कार की चाहत को सुन कर स्तब्ध हैं। श्री केजरीवाल जान लें कि उन्हे नोबल पुरस्कार अवश्य मिलता यदि अकर्मण्यता, आराजकता और भ्रष्टाचार के लिए पुरस्कार देने की श्रेणी होती।
उन्होंने कहा कि श्री दिल्ली वाले उनके महिला विरोधी कृत्यों जैसे असहाय महिला पेंशन घोटाला, महिला सुरक्षा से जुड़ पैनिक बटन घोटाला, महिला सहयोगियों से मारपीट, दिल्ली में जलबोर्ड घोटाला, निजी कम्पनियों से मिलकर किये घोटाले, परिवहन घोटाले, लोकनिर्माण विभाग में साढू के साथ किए घोटाले, स्कूल रूम घोटाले, कोविड़काल घोटाले, जासूसी घोटाले और शराब नीति घोटाले के आलावा शीशमहल निर्माण घोटाले को भूले नही है।

