नयी दिल्ली, 09 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस ने गुजरात सरकार में मंत्री बच्चू भाई खाबड़ पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने नियमों और कानूनों की परवाह किये बिना अपने बेटे को ठेके दिलाकर भारी भ्रष्टाचार किया है इसलिए उन्हें तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने बुधवार को यहां पार्टी के नये मुख्यालय इंदिरा भवन में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गुजरात सरकार में मंत्री बच्चू भाई खाबड़ ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए वर्क आर्डर से लेकर, बेटे को ठेके दिलाने तथा मनरेगा जैसी योजनाओं में फर्जीवाड़ा किया है। गुजरात में ‘मनरेगा’ और ‘नल से जल’ जैसी योजनाओं में भी धांधली का आरोप लगाते हुए उन्हाेंने कि भाजपा नेता अपना घर भर रहे हैं। हालात यह है कि मनरेगा दिहाड़ी पाने वाले लोगों में मृतक और दिव्यांगों के नाम भी शामिल है और उनके नाम पर दिहाड़ी डकारी जा रही है। उन्होंने बच्चू भाई के भ्रष्टाचार से लेकर मनरेगा तथा नल से जल योजना में हो रहे घोटाले की जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि बच्चू भाई खाबड़ ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है और उनके भ्रष्टाचार की सच्चाई तब ही सामने आ सकती है जब ईडी, सीबीआई और आईटी उसकी जांच करे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनका बेटा राज कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाता है जिसे वर्क आर्डर पर जमकर सरकारी काम दिया जा रहा है और पैसे बनाए जा रहे हैं। इस कंपनी ने कभी जीएसटी भरा है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बच्चू भाई के भ्रष्टाचार का हाल यह है कि उनके खुद के गांव धानपुर ब्लॉक में है। इस छोटे से ब्लॉक के अंदर कुछ ही वक्त में 2,235 वर्क ऑर्डर पास हुए हैं। मनरेगा में मजदूरों को काम मिलता है लेकिन एक नियम ये भी है कि अगर वहां कुछ मटेरियल की जरूरत पड़े, तो आप छोटे स्तर पर मटेरियल भी ला सकते हैं। यहां उस नियम को ताक पर रखकर बहुत सारा मटेरियल मंगवाया गया। मटेरियल लाने के लिए मनरेगा में एक प्रावधान है कि आपको एक विज्ञापन देना है और जो सप्लायर सबसे कम कीमत में मटेरियल देगा, उससे आप मटेरियल खरीदेंगे लेकिन इस जगह पर टेंडर मटेरियल सप्लाई करने का ठेका मंत्री के बेटे को ही दे दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते थे- ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’ लेकिन जब हालात उनके गुजरात में ही ऐसे हैं तो उन्हें बताना चाहिए कि वह कर क्या रहे है। सच तो ये है कि भाजपा वाले खुद करोड़ों खाते हैं और सच बोलने वाले को चैन की रोटी खाने नहीं देते हैं। भाजपा सरकार के मंत्री के बड़ा भ्रष्टाचार किया है इसलिए बच्चू भाई खाबड़ को गुजरात सरकार के मंत्रिमंडल से निष्कासित किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि बच्चू भाई खाबड़ का वर्क ऑडर निकालने का काम दो लड़के करते हैं, जो उनके रिश्तेदार हैं। उनकी सैलरी सिर्फ 10 हजार है लेकिन लाखों रुपए की गाड़ी से घूमते हैं और करोड़ों के घर में रहते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा “इसी को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने एक जांच समिति बनाई थी जिसमें भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। जहां बताया गया कि काम हुआ है, असल में वहां काम हुआ ही नहीं था। जिस जगह पर लाखों रुपए का मटेरियल गया, वहां हमारी फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गई तो पता चला कि जमीन पर काम ही नहीं हुआ था। हमने जब यह डेटा सामने रखा तो एक अधिकारी ने नौकरी जाने के डर से एक शिकायत लिखकर भेजी, फिर भी बच्चू भाई खाबड़ मंत्री बने हुए हैं। जब लाखों-करोड़ों रुपए का मटेरियल दिया जाता है तो उसपर जीएसटी देना होता है लेकिन हमने वेबसाइट पर चेक किया तो जीएसटी तक नहीं दिया गया है। जीएसटी नंबर बच्चू भाई खाबड़ के बेटे ने राज कंस्ट्रक्शन के नाम है। डेटा सामने रखने के बाद बच्चू भाई खाबड़ का वर्क ऑडर निकालने वाले राठवा रमेश भाई और पटेल राजेश कुमार को नोटिस दिया गया है लेकिन अब तक कोई एक्शन नहीं हुआ है।

