सतना: मिर्जापुर से कर्नाटक जा रही बस में कंडक्टर की अचानक मौत हो गई। मृतक नितिन गुरु (42) उत्तर प्रदेश के चकिया चंदौली का रहने वाला था।घटना शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे मैहर के घुनवारा के पास हुई। बस में मजदूरों को कर्नाटक ले जाया जा रहा था। रास्ते में कंडक्टर नितिन गुरु की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बस ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोका और उन्हें पानी पिलाया।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस से नितिन को मैहर सिविल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर जितेंद्र तिवारी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, नितिन को अस्पताल लाते समय ही उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
