
इंदौर. भोपाल-इंदौर-पुणे रूट की एक यात्री बस में राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी से छेड़छाड़ के विवाद के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में बस को जब्त कर लिया गया, जबकि तीन युवकों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कदम उठाए गए हैं.
राजेंद्र नगर पुलिस ने वर्मा ट्रेवल्स की उस बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया, जिसमें तीन दिन पहले राष्ट्रीय स्तर की शूटर से अभद्र व्यवहार हुआ था. छेड़छाड़ के आरोप में परमेंद्र, अरविंद और दीपक नाम के तीन युवकों को थाने बुलाकर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है. फिलहाल पीड़िता की ओर से एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है. डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि घटना मामले में सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है. मंगलवार को बस ऑपरेटर को तलब कर वाहन जब्त किए जाने की जानकारी दी गई थी. निर्देश के बाद बस को थाने पर पहुंचाया. जांच के अनुसार, घटना के दौरान बस में मौजूद क्लीनर ने महिला खिलाड़ी के साथ अनुचित स्पर्श किया था. इस पर दोनों के बीच बहस हुई और विवाद बढ़ा तो खिलाड़ी ने क्लीनर और चालक के साथ हाथापाई भी की. हंगामा बढ़ने पर चालक और क्लीनर मौके से भाग निकले. इसके बाद टीआई नीरज बिरथरे ने दूसरे ड्राइवर को बुलाकर बस को सुबह रवाना कराया था. घटना के बाद खिलाड़ी ने पुलिस को एक लिखित आवेदन सौंपा था, जिसमें एफआईआर बाद में दर्ज कराने का उल्लेख किया है. पुलिस पूरे प्रकरण की जांच जारी रखे हुए है.
