
मंडला | नेशनल हाईवे 30 पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ट्रक ने एक मासूम की जान ले ली। अंजनिया के समीप छिदी नाला के पास हुए इस हादसे में मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जब वह सड़क पार कर रहा था और बेलगाम ट्रक उसे कुचलता हुआ निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा अपने परिजनों के साथ छिदी नाला पार कर मुख्य सड़क पर पहुंच रहा था। इस दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बच्चे को कुचल दिया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी ।
यह वही स्थान है जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। छिदी नाला पर न तो कोई स्पीड ब्रेकर है, न ही कोई चेतावनी बोर्ड या ट्रैफिक संकेतक। हाल ही में कलेक्टर मंडला सोमेश मिश्रा ने ऐसे खतरनाक स्थानों को चिन्हित कर वहाँ सुरक्षा बोर्ड और उपाय लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन वह निर्देश सिर्फ कागज़ों तक ही सीमित रह गया।
हर हफ्ते यहां हादसे होते हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती। अब एक मासूम की जान चली गई, क्या अब भी सिस्टम सोया रहेगा ?
छिदी नाला मोड़ बेहद खतरनाक है, लेकिन किसी जिम्मेदार अफसर ने अब तक यहां झांकना भी जरूरी नहीं समझा।
