सिंगरौली: बरगवां थाना क्षेत्र में आज एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन के कारण सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हिंडालको के एक नम्बर गेट के पास पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएच 8842 ने एक मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से भाग निकला, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक तेज गति से बरगवां की ओर भाग रहा था। इसी दौरान ओड़गड़ी के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और आगे चल रहे एक कंटेनर में पीछे से जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि पिकअप में आठ भैंसें लदी हुई थीं। दुर्घटना के बाद तीन भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य पशुओं को भी चोटें आने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद चालक और उसके साथ मौजूद स्टाफ वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस को सूचना देने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार चालक की तलाश करने के साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहन और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। मोटरसाइकिल सवार की स्थिति को लेकर समाचार लिखे जाने तक आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी थी।
