जालौन में निजी बस खंती में पलटी,महिला की मौत 19 घायल

जालौन, 15 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शुक्रवार शाम कोंच से उरई जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एट कोतवाली क्षेत्र के उरई रोड स्थित हरदोई गुर्जर गांव के पास यह हादसा उस समय हुआ जब यात्रियों से भरी एक निजी बस तेज गति से उरई की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे।

दुर्घटना में एक अज्ञात महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चांदनी, चतुर्भुज, सुशीला, दीनबंधु, अर्पित, ऋतु याज्ञिक, काजल, प्रिंस, दीप्ति, सुलेखा, कौशल्या, संध्या, आदर्श, सुरेश, नरेंद्र, रीना, आहान, नैना और सोनेलाल घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। करीब 10 एंबुलेंस तथा फायर सर्विस कर्मियों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया गया।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि 15 घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज उरई में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सात घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Next Post

उद्यानिकी का विस्तार बनेगा कृषि वर्ष में किसानों की समृद्धि का आधार : सीएम डॉ. यादव

Fri May 15 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। प्रदेश में कृषि एवं उससे जुड़ी संबद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने की व्यापक कार्य योजना पर अमल जारी हे। कृषि वर्ष में विशेष रूप से उद्यानिकी फसलों के […]

You May Like