लीड्स 02 सितंबर (वार्ता) केशव महाराज (चार विकेट), वियान मुल्डर (तीन विकेट) के बाद एडन मारक्रम (86) रनों की शानदार पारी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार को पहले एकदिवसीय मुकाबले में इंग्लैंड को 175 गेंद शेष रहते सात विकेट से हरा दिया। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।
132 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए एडन मारक्रम ने आतिशी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 55 गेंदों में 13 चौके और दो छक्कों की मदद से 86 रनों की पारी खेली। उन्हें 19वें ओवर में आदिल राशिद ने आउट किया। इसके बाद 21वें ओवर में आदिल राशिद ने कप्तान तेम्बा बवूमा (छह) को आउटकर इंग्लैंड को दूसरी सफलता दिलाई और अगली ही गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स (शून्य) को आउटकर मैच में ऐसे समय रोमांच जगा दिया जब दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए महज एक रन की जरुरत थी। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये डेवाल्ड ब्रेविस टीम के लिए विजयी छक्का लगाया। दक्षिण अफ्रीका ने 20.5 ओवरों में तीन विकेट पर 137 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से जीत लिया। रायन रिकलटन (नाबाद 31) और डेवाल्ड ब्रेविस छह रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की ओर से आदिल राशिद ने तीन विकेट लिये।
इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम को दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा करते हुए महज 24.3 ओवर में 131 के स्कोर पर ढेर कर दिया। सलामी बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने इंग्लैंड के सर्वाधिक (54) रनों की पारी खेली। जो रूट (14), जॉस बटलर (15) और कप्तान हैरी ब्रूक (12) रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज 5.3 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट झटके। वियान मुल्डर ने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिये। नांद्र बर्गर और लुंगी एन्गिडी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
