नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के लिए 26 न्यायाधीशों की नियुक्ति की सिफारिश की है।
शीर्ष अदालत की ओर से मंगलवार को दो अलग-अलग जारी बयानों के मुताबिक, 12 अधिवक्ताओं और 14 न्यायिक अधिकारियों को न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गयी है।
बयान में कहा गया है कि कॉलेजियम की मंगलवार को हुयी बैठक में न्यायिक अधिकारियों- डॉ. अजय कुमार-दो, चव्हाण प्रकाश, दिवेश चंद्र सामंत, प्रशांत मिश्रा-एक, तरूण सक्सैना, राजीव भारती, पदम नारायण मिश्रा, लक्ष्मी कांत शुक्ला, जय प्रकाश तिवारी और देवेन्द्र सिंह-एक, संजीव कुमार, वाणी रंजन अग्रवाल, अचल सचदेव और बबीता रानी को पदोन्नत कर न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गयी।
इसी प्रकार से अधिवक्ताओं – विवेक सरन, अदनान अहमद, विवेक कुमार सिंह, गरिमा प्रसाद, सुधांशु चौहान, अबधेश कुमार चौधरी, स्वरूपमा चतुर्वेदी, जय कृष्ण उपाध्याय, सिद्धार्थ नंदन, कुणाल रवि सिंह, इंद्रजीत शुक्ला और सत्य वीर सिंह के न्यायाधीश पद पर नियुक्ति की सिफारिश की गयी।
