
सिंगरौली । मोरवा थाना पुलिस ने कार में मिले युवक की हत्या की गुत्थी घटना के चंद घंटों के भीतर सुलझाते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सत्यप्रकाश गुप्ता के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में प्रिया गुप्ता उम्र 35 वर्ष पति स्व. सुनील गुप्ता निवासी भगत सिंह कॉलोनी, मोरवा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक 31 जुलाई की सुबह करीब 5 बजे राहुल कुमार गुप्ता उर्फ संजय ने सूचना दी कि उनका भाई सत्यप्रकाश गुप्ता उनकी सुजुकी एस-प्रेसो कार में चालक सीट पर अचेत अवस्था में बैठा है। परिजन तत्काल उसे एनसीएल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक मर्ग जांच के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी।
पुलिस अधीक्षक सियाज केएम, एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी रोशनी कुर्मी के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह ने अलग-अलग टीमों का गठन कर जांच शुरू कराई। घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीव्ही फुटेज, गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट हुआ कि सत्यप्रकाश गुप्ता की हत्या की गई थी। जांच में महिला प्रिया गुप्ता की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी और मृतक के बीच लंबे समय से आपसी संबंध थे। मृतक द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने से परेशान होकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।
हत्या किस तरीके से की,खुलासा नही
पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में हत्या का कारण बताया है, हालांकि हत्या किस तरीके या किस वस्तु/हथियार से की गई, इसका खुलासा पुलिस ने नहीं किया है। मोरवा थाना में अपराध के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238(क) में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया और विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह, उनि एनपी तिवारी, अर्चना धुर्वे, सउनि संजीत सिंह, उमेश अग्निहोत्री, डीएन सिंह, सुनील दुबे, आर कुलदीप शर्मा, त्रिभुवन मिश्रा, श्यामसुंदर बैस, रामकली पनिका, अजय यादव, आकाश पटेल एवं राहुल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार में एक संदिग्ध हालत में युवक मिला था। जहां अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया, चिकित्सको ने मृत घोषित कर दिया। साक्ष्यों एवं सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर जांच पड़ताल की गई। युवक की हत्या की गई थी। इस अपराध में एक महिला की संलिप्तता पाई गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
रोशनी कुर्मी
एसडीओपी, मोरवा
