
दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह पुलिस लाइन दमोह में जनरल परेड का आयोजन किया गया.परेड में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों में थाना प्रभारी एवं पुलिस बल के जवान शामिल हुए। परेड के दौरान एसपी श्री कलादगि ने सलामी ली तथा जवानों के टर्नआउट, अनुशासन व कार्यकुशलता का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जनरल परेड में कानून व्यवस्था व आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल को अश्रु गैस हैंड ग्रेनेड के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण व अभ्यास कराया गया। इस दौरान दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं संवेदनशील परिस्थितियों में पुलिस की भूमिका पर विशेष फोकस रहा। पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बल को हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित व सजग रहना आवश्यक है।
