
सारनी। सतपुड़ा पॉवर प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था का सख्त निरीक्षण, बिना सत्यापन कोई कर्मचारी नहीं मिला।औद्योगिक सुरक्षा एवं श्रमिक सत्यापन को लेकर सारनी पुलिस लगातार सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को जयपाल इनवाती ने सतपुड़ा पॉवर प्लांट सारनी पहुंचकर यूनिट क्रमांक 06 से 09 तक चल रहे डिस्मेंटलिंग कार्य का गहन निरीक्षण किया। यह कार्य चिनार कंपनी द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने सुरक्षा अधिकारी राघव के साथ मिलकर सुरक्षा मापदंडों, श्रमिकों के दस्तावेज एवं कार्यस्थल की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि किसी भी कर्मचारी को बिना वैरिफिकेशन कार्य पर नहीं लगाया गया है। सभी कर्मचारियों के निवास एवं पहचान संबंधी दस्तावेजों की विधिवत जांच की गई। पुलिस ने सुरक्षा मानकों के पालन, श्रमिकों की उपस्थिति एवं कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियों को लेकर भी संतोष व्यक्त किया।
इसके साथ ही नवीन यूनिट-12 के निर्माण कार्य स्थल का भी निरीक्षण किया गया, जहां महारेल एवं बीबीजी कंपनी द्वारा निर्माण कार्य संचालित किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने एवं बाहरी श्रमिकों का पूर्ण सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सारणी पुलिस की इस सक्रियता को औद्योगिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस विषय पर इनका कहना है कि
तीनों कंपनियों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का वैरिफिकेशन कराया गया है तथा जहां से वे आए हैं वहां के दस्तावेजों की भी पुष्टि की गई है। सुरक्षा मापदंडों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो सके।
थाना सारनी प्रभारी टीआई जयपाल इवनाती
