
चीताखेड़ा/जीरन। रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी वारदात जिसने नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र को दहला कर रख दिया है। पावड़ा खुर्द गांव में बुधवार की काली रात एक भाई दूसरे भाई के खून का प्यासा हो गया। नशे में धुत बड़े भाई ने मर्यादा और ममता की सारी दीवारें लांघते हुए अपने ही सगे छोटे भाई के सीने में चाकू उतार दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे मीणा समाज बाहुल्य क्षेत्र में सन्नाटा पसरा है, तो वहीं ग्रामीणों की आँखों में आरोपी भाई के लिए आक्रोश की ज्वाला धधक रही है।
जब नशे ने छीन ली सोचने की शक्ति
जानकारी के मुताबिक, पावड़ा खुर्द निवासी भेरूलाल मीणा (27) और उसका बड़ा भाई नारुलाल मीणा बुधवार रात आमने-सामने थे। नारुलाल शराब के नशे में इस कदर चूर था कि उसे अपने और पराए का अंतर तक याद नहीं रहा। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से जमीन के विवाद को लेकर तनातनी चल रही थी। बुधवार की रात इसी चिंगारी ने शोले का रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया।
तड़पता रहा भाई, वार करता रहा कातिल
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों की मानें तो आरोपी नारुलाल ने आव देखा न ताव, अचानक म्यान से चाकू निकाला और अपने सबसे छोटे भाई भेरूलाल पर टूट पड़ा। नारुलाल ने एक के बाद एक कई वार भेरूलाल के शरीर पर किए। लहूलुहान भेरूलाल दर्द से कराहता रहा, जान बख्शने की गुहार लगाता रहा, लेकिन शराब और जमीन के लालच ने बड़े भाई को ‘हैवान’ बना दिया था। ज्यादा खून बह जाने के कारण 27 वर्षीय भेरूलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक भेरूलाल की सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
पुलिस का कहना: “आरोपी नारुलाल को हिरासत में ले लिया गया है। शुरुआती जांच में हत्या की वजह शराब के नशे में हुआ विवाद और जमीन की रंजिश सामने आ रही है। मामले में धारा 302 के तहत प्रकरण दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है।”
*शराब ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार*
इस घटना ने एक बार फिर नशे के घातक परिणामों को उजागर किया है। ग्रामीणों का कहना है कि भेरूलाल घर में सबसे छोटा और लाडला था, लेकिन नारुलाल की शराब की लत और गुस्से ने एक मां की गोद सूनी कर दी और भाई के सिर से भाई का साया छीन लिया। गांव के लोगों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है ताकि भविष्य में कोई ‘कलयुगी भाई’ ऐसी हिमाकत न कर सके।
