इंदौर: बाइक सवार बदमाशों द्वारा राहगीरों को निशाना बनाने की दो वारदात सामने आई हैं. भंवरकुआं में तीन बदमाशों ने बाइक सवार युवक को रास्ते में रोकने के लिए उसकी बाइक में लात मारी, गिरने के बाद चाकू अड़ाकर ढाई तोले की सोने की चेन लूट ली. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लूटी गई चेन और बाइक बरामद कर ली है. वहीं पलासिया में क्लीनिक में सफाई कर रही महिला कर्मचारी के गले से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र झपटकर भाग गया. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
भंवरकुआं थाना प्रभारी संतोष दूधी ने बताया कि श्रीयंत्र नगर, खंडवा नाका में रहने वाले किशोर पटेल मीणा सोमवार 24 अगस्त की रात करीब 9.40 बजे बाइक से राजीव गांधी सर्विस रोड से जा रहे थे. शुभ कारज गार्डन के कॉर्नर के पास बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी बाइक में लात मार दी. संतुलन बिगड़ने से किशोर सड़क पर गिर गए. इसी दौरान एक बदमाश अजय ने चाकू निकालकर अड़ा दिया.
उसके दो साथियों ने किशोर के गले से करीब ढाई तोले की पुरानी सोने की चेन खींच ली, इसके बाद तीनों बाइक से भाग निकले. घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. भागते समय तीनों आरोपी बाइक से गिर गए थे. इसके बाद पुलिस ने अजय निवासी महादेव नगर और उसके दोनों साथियों को हिरासत में लिया. पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
क्लीनिक के पास से महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार
इधर, पलासिया थानांतर्गत साकेत नगर में रहने वाली 40 वर्षीय प्रेमबाई ठाकुर के साथ झपटमारी हुई. प्रेमबाई ने पुलिस को बताया कि बुधवार 26 अगस्त की सुबह करीब 9.30 से 10 बजे के बीच वह पत्रकार चौराहे स्थित एक क्लीनिक में सफाई कर रही थीं. इसी दौरान बाइक सवार युवक उनके पास आया और गले में पहने मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया. महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले आरोपी बाइक से फरार हो गया. महिला की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान के प्रयास कर रही है
