राष्ट्रीय खेलों में यूपी भेजेगा 340 खिलाड़ियों का दल

लखनऊ 21 जनवरी (वार्ता) उत्तराखंड में 28 जनवरी से शुरु होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तर प्रदेश 340 खिलाड़ियों समेत 434 सदस्यीय दल भेजेगा। 14 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में यूपी के खिलाड़ी इस बार 31 खेलों में अपना दम खम दिखायेंगे।

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि खिलाड़ियों में 195 पुरुष एवं 145 महिला खिलाड़ी हैं। राष्ट्रीय खेलों के लिए यूपी हाकी के उपाध्यक्ष एके त्रिपाठी को टीम का मुख्य दलनायक (चीफ डि मिशन) नियुक्त किया गया है जबकि सुधीर शर्मा (सचिव, उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन), डा.सुधर्मा सिंह (सचिव, उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन) और विनय सिंह (कोषाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन) को उपदलनायक (डिप्टी चीफ डि मिशन) के तौर पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कंटिजेंट असिस्टेंट की भूमिका में एसके तिवारी व मो.तौहीद होंगे।

प्रदेश के खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेल में प्रतिभाग करने वाले उत्तर प्रदेश के दल के सभी सदस्यों को ट्रेन का थ्री टीयर का किराया और किट दी जा रही है। इसके साथ इन खेलों में उत्तर प्रदेश के पदक विजेताओं को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसमें व्यक्तिगत खेलों में स्वर्ण विजेता को छह लाख रुपए, रजत विजेता को चार लाख रुपए व कांस्य पदक विजेता को दो लाख रुपए का नगद पुरस्कार मिलेगा। वहीं टीम इवेंट में पदक विजेता टीम के प्रत्येक सदस्यों में स्वर्ण विजेता को दो लाख रुपए, रजत विजेता को एक लाख रुपए व कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

डॉ. पाण्डेय ने बताया कि 2023 में गोवा में आयोजित 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने 11 स्वर्ण, 23 रजत और 36 कांस्य पदक सहित कुल 70 पदक जीते थे। इस बार टीम की तैयारी पहले से अधिक मजबूत है और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। इससे पूर्व गुजरात में 2022 में हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश ने 20 स्वर्ण, 18 रजत व 18 कांस्य पदक सहित कुल 56 पदक जीते थे।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डा.सैयद रफत जुबैर रिजवी, उत्तर प्रदेश वुशू एसोसिएशन के सचिव मनीष कक्कड़ व लखनऊ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी अनिमेश सक्सेना भी मौजूद थे।

 

Next Post

गोयल ने की बेल्जियम के मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन के साथ की बैठक, उद्योग जगत के दिग्गजों से भी मिले

Tue Jan 21 , 2025
नयी दिल्ली, 21 जनवरी (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ब्रुसेल्स में मंगलवार को बेल्जियम के विदेश, यूरोपीय कार्य और विदेश व्यापार मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन से मुलाकात की और द्विपक्षीय व्यापार तथा निवेश संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के […]

You May Like