![]()
इंदौर। इंदौर से शुरू हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान ने यात्रियों को दोहरी राहत दी है। एक ओर जहां अब यूएई के लिए बिना किसी स्टॉप के सफर संभव हो गया है, वहीं दूसरी ओर किराया भी कई घरेलू हवाई मार्गों के बराबर या उससे कम रहने लगा है। शुक्रवार को संचालित इंदौर–अबूधाबी उड़ान का किराया करीब 12,500 रुपये दर्ज किया गया, जिसने यात्रियों का ध्यान खींचा।
यात्रा विशेषज्ञों का कहना है कि छुट्टियों और व्यस्त सीजन में देश के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हवाई टिकट 12 से 15 हजार रुपये या उससे अधिक तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में लगभग इसी किराए में विदेश की सीधी यात्रा का विकल्प मिलने से यात्रियों का रुझान तेजी से इस रूट की ओर बढ़ सकता है।
इंदौर से बड़ी संख्या में व्यवसायी, नौकरीपेशा लोग और प्रवासी परिवार यूएई की यात्रा करते हैं। अब तक उन्हें अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली या अन्य शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी पड़ती थी। नई सीधी उड़ान शुरू होने से समय की बचत होगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
उड़ान का रहेगा यह शेड्यूल
इंदौर–अबूधाबी: सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को शाम 7:50 बजे इंदौर से प्रस्थान, यूएई के स्थानीय समयानुसार रात 9:35 बजे अबूधाबी आगमन। रविवार को उड़ान एक घंटे देरी से संचालित होगी।
अबूधाबी–इंदौर: सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार रात 10:35 बजे प्रस्थान, भारतीय समयानुसार रात 3:20 बजे इंदौर आगमन। रविवार को यह उड़ान भी एक घंटे देरी से संचालित होगी।
एविएशन विशेषज्ञों का मानना है कि यदि शुरुआती दौर में किराए प्रतिस्पर्धी बने रहते हैं, तो यह सेवा मध्य भारत के यात्रियों के लिए सबसे पसंदीदा अंतरराष्ट्रीय रूटों में शामिल हो सकती है। इससे इंदौर एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती मिलेगी और व्यापार, पर्यटन तथा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
