आशीष कुर्ल भोपाल। कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के विवादित बयान से मध्यप्रदेश कांग्रेस में आंतरिक कलह तेज हो गई है। मीडिया विभाग में इस मुद्दे को लेकर जातीय विवाद खुलकर सामने आ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने हस्तक्षेप करते हुए मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त को भोपाल भेजा है।
सूत्रों के अनुसार, 20 से अधिक कांग्रेस प्रवक्ताओं ने एक पत्र पर हस्ताक्षर कर आरोप लगाया है कि कुछ साथियों ने टीवी बहसों के दौरान बरैया के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा। पत्र में यह भी कहा गया है कि मीडिया विभाग में “आरएसएस का स्लीपर सेल” सक्रिय हैं, जो पार्टी की विचारधारा के खिलाफ काम कर रहा हैं।
सूत्रों ने कहा इस सप्ताह असंतुष्ट प्रवक्ताओं के एक समूह ने संजय दत्त से मुलाकात कर अपनी आपत्तियां रखीं, हालांकि बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद बुधवार दोपहर दत्त फिर भोपाल पहुंचे और विवाद सुलझाने के प्रयास किए। सूत्रों का कहना है कि पार्टी नेतृत्व ने वरिष्ठ नेताओं को फिलहाल सार्वजनिक बयानबाजी से बचने और संगठन में तनाव कम करने के निर्देश दिए हैं।
