
सीधी। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के नेतृत्व में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीधी में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों एवं पुलिसिंग की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना निर्धारित की गई। बैठक में अपराधों की त्रिवर्षीय तुलनात्मक समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा गंभीर अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, लंबित प्रकरणों एवं चालानों के शीघ्र निराकरण तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्यवाही परिणाममूलक, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध होनी चाहिए। बैठक में रूप से प्रमुख निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल सुरक्षा पर गुमशुदा एवं अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र तलाश कर सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए। गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। महिला संबंधी गंभीर अपराधों की विवेचना आईटीएसएसओ पोर्टल के निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाए।
डिजिटल समन्वय के लिए आईसीजेएस पोर्टल का नियमित एवं प्रभावी उपयोग कर विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। साइबर अपराधों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाई जाए। एमआरएम / जीआरएम एवं समन्वय पोर्टल का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। लंबित चालानों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत कर संख्या न्यूनतम स्तर पर लाई जाए। रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए तथा संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। आगामी त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखते हुए शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, चोरी, गृहभेदन एवं अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। निदान पोर्टल का प्रभावी उपयोग एवं “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा के तहत मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। माइनर एक्ट एवं प्रिवेंटिव एक्शन के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई कर अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित की जाए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा, एसडीओपी कुसमी संतोष तिवारी सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
