
रीवा, प्रदेश व्यापी नशा विरोधी अभियान के दौरान चोरहटा पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली. रात में थाना प्रभारी दलबल के साथ एक कार से 1052 शीशी नशीली कफ सिरप पकडऩे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एवं म.प्र ड्रग कंट्रोल अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है. नशीली कफ सिरप आरोपी यूपी प्रयागराज से लेकर आ रहा था.
चोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी की एक कार में नशे की बड़ी खेप लाई जा रही है. सूचना के आधार पर करहिया रोड में घेराबंदी कर कार को पकड़ा गया, जिसकी तलाशी के दौरान प्लास्टिक की अलग-अलग बोरियों में नशीले कफ सिरप की तकरीबन 1052 शीशी भरी मिली. पुलिस ने मौके से एक आरोपी युवक को भी गिरफ्तार किया है जिसकी पहचान उपेंद्र द्विवेदी के रूप में की गई है. आरोपी देवमउ दलदल थाना रामपुर बघेलान हाल निवास करहिया रीवा का है. कार क्रमांक एमपी 17 सीए 9860 को जप्त किया गया है. आरोपी से नशीली कफ सिरप को लेकर पूंछताछ की गई, जिससे कई अहम जानकारी मिली है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी नशे की खेप प्रयागराज यूपी से लेकर आना बताया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है, पंूछताछ के दौरान जो भी जानकारी मिली है उसके आधार पर नशीली कफ सिरप के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. प्रयागराज से नशीली कफ सिरप रीवा पहुंच रही है, इसका भी पता लगाया जा रहा है कि कौन सप्लाई कर रहा है.
