कांग्रेस की चेतावनी: 7 दिन में राम मंदिर ट्रस्ट पर कार्रवाई नहीं हुई, तो देशव्यापी आंदोलन करेगा संत समाज

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस धर्म एवं मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उस पर वित्तीय अनियमितताओं और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए हैं।प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष साध्वी ऋचा गोस्वामी, प्रदेश संयोजक शिवनारायण शर्मा, सहसंयोजक ओंकारदास वैष्णव तथा कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर भारती सहित पुजारी संगठनों के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुकेश नायक ने मंदिर परिसर में निगरानी कैमरों के बंद रहने और श्रद्धालुओं के चढ़ावे के प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मंदिर निर्माण के दौरान दान में मिली सोने-चांदी की राम शिलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनकी उपयोगिता और स्थिति को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
सज्जन सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े मंदिर ट्रस्ट धार्मिक आस्था का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने प्रमुख मंदिरों से जुड़े भ्रष्टाचार, चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग की।

साध्वी ऋचा गोस्वामी ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की खबरों से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था और बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद ऐसी घटनाएं कैसे संभव हुईं।कांग्रेस नेताओं ने चढ़ावे के उपयोग, भूमि खरीद विवाद, खर्चों की पारदर्शिता, वीआईपी दर्शन व्यवस्था, कारसेवकों के पुनर्वास तथा अयोध्या कॉरिडोर से प्रभावित लोगों को मुआवजे जैसे मुद्दों पर जवाब मांगा।

नेताओं ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भंग कर संत समाज, अखाड़ों और धर्माचार्यों को प्रबंधन में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने, आय-व्यय का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने, नियमित ऑडिट रिपोर्ट जारी करने, वीआईपी दर्शन व्यवस्था समाप्त करने तथा मंदिर प्रबंधन में राजनीतिक हस्तक्षेप खत्म करने की मांग की।कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर भारती ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संत समाज, धर्माचार्यों और रामभक्तों के साथ देशव्यापी जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

Next Post

सिग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर जुटे केंद्रीय व प्रदेश के मंत्री, मार्लापण कर पौधारोपण किया

Wed Jun 24 , 2026
दमोह: वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन दमोह द्वारा जबेरा विधानसभा के सिग्रामपुर खेल मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जहां केंद्र सरकार के मंत्री और प्रदेश शासन के मंत्रियों ने सिग्रामपुर स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती की मूर्ति पर माल्यार्पण कर और […]

You May Like