रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर टीम पर हुई धनवर्षा, पहली ऐतिहासिक जीत के लिए बीसीसीआई और एसोसिएशन ने दिए 8 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने भी किया सम्मानित

जम्मू | जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम द्वारा पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर मंगलवार शाम जीजीएम साइंस कॉलेज ग्राउंड में भव्य विजय उत्सव मनाया गया। इस दौरान भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने टीम के जज्बे को सलाम करते हुए बीसीसीआई की ओर से 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार की घोषणा की। साथ ही, जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) ने भी चैंपियन खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त चेक प्रदान किया। ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर ने 28 फरवरी को कर्नाटक जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ पहली पारी की बढ़त के आधार पर यह गौरवपूर्ण जीत हासिल की थी।

क्रिकेट जगत से मिल रहे सम्मान के बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी खिलाड़ियों के सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। मुख्यमंत्री ने टीम की इस ऐतिहासिक सफलता को केंद्र शासित प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कैबिनेट सहयोगियों की उपस्थिति में खिलाड़ियों को 2 करोड़ रुपये की इनामी राशि सौंपी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जीत राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस प्रकार टीम को अब तक कुल 10 करोड़ रुपये की सम्मान राशि मिल चुकी है, जो राज्य में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

विजय समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों और मशहूर गायिका सोनाली डोगरा ने प्रस्तुति दी, जिस पर खिलाड़ी और उनके परिजन जमकर थिरके। बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भरोसा दिलाया कि वे जम्मू-कश्मीर में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। जेकेसीए ने सीनियर टीम के साथ-साथ विजय मर्चेंट ट्रॉफी जीतने वाली अंडर-16 टीम और महिला टीम को भी इस जश्न का हिस्सा बनाया। एसोसिएशन ने अधिकारियों और कोचिंग स्टाफ की भी सराहना की, जिन्होंने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम को राष्ट्रीय स्तर पर चैंपियन बनाने के लिए कड़ी मेहनत की।

Next Post

अनियंत्रित ट्रक ने कार को मारी टक्कर, एयरबैग खुलने से बची तीन जानें

Wed Mar 11 , 2026
जबलपुर: शहपुरा थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे पर खिरखाखेड़ा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के चारों एयरबैग खुल गए, जिससे कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ट्रक चालक के […]

You May Like

मनोरंजन